मंदबुद्धि युवक गुड्डू का फाइल फोटो
हीमपुर दीपा (बिजनौर)। धीवरपुरा गांव में लगन समारोह में डीजे पर नाचते समय एक युवक की मौत हो गई। इस घटना से खुशी का माहौल गम मे बदल गया। माना जा रहा है कि हृदयगति रुकने से उसकी मौत हुई है।
हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव धीवरपुरा में रविवार की रात्रि को गांव के पीतम के पुत्र सुनील के लग्न रिश्ते का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान डीजे पर परिजन और रिश्तेदार नाच रहे थे। गांव का ही गुड्डू (35) पुत्र खेम सिंह भी वहां पहुंचा और डीजे पर नाचने लगा। नाचते समय गुड्डू अचानक गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया है। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. आरएस वर्मा ने बताया कि डीजे पर नाचते समय रक्तचाप बढ़ने और सांस लेने में परेशानी होने से हार्ट अटैक आ सकता है। हो सकता है उसे पहले से हार्ट संबंधित दिक्कत हो, खून में ज्यादा चर्बी हो या दिल का वॉल खराब होना हो भी कारण हो सकता है। संवाद