जमानत पर छूटकर आए व्यक्ति की मौत
नहटौर। गांव मलकपुर में हत्या के केस में जमानत पर छूटकर घर रह रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई। परिजनों ने पुरानी रंजिश को लेकर परिवार के ही दूसरे पक्ष पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव मलकपुर निवासी मनोज उर्फ सीताराम (40) की शुक्रवार को मौत हो गई। मृतक की पत्नी डोली ने पुरानी रंजिश के चलते पड़ोस के रहने वाले कल्याण सिंह, उसकी पत्नी संतरेश, पुत्र कोमल, पुत्री छाया पर गाली-गलौज कर घर में घुसकर मारपीट के बाद मौत होने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। ग्रामीणों के मुताबिक 23 मई 2020 को कल्याण सिंह के पुत्र मंजीत की दादी की देखभाल करने के विवाद में मारपीट होने पर हत्या हो गई थी। जिसमें कल्याण सिंह ने मनोज, कपिल व डोली, पुनिया के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस केस में मनोज को भी जेल जाना पड़ा था। वह जमानत के बाद घर रह रहा था। इस केस की सुनवाई अंतिम चरणों में चल रही हैं। कोतवाल पंकज तोमर ने बताया कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।