मंडावर में मौत के बाद जाम लगा रही भीड़ को समझाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनोर के मंडावर में दो पुलिसकर्मियों को देखकर ताश खेलने वालों के साथ भागा एक अधेड़ तालाब में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे से नाराज लोगों ने बिजनौर-मंडावर रोड पर जाम लगा दिया। एसपी सिटी एमएम बेग व सीओ सिटी रामानंद कुशवाहा ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर उनके गुस्से को शांत किया।
मोहल्ला शाहविलायत निवासी 50 वर्षीय कलवा एक इंटर कॉलेज में चपरासी था। शनिवार को वह स्कूल की छुट्टी होने पर पीरवाली जोहड़ी के पास मंदिर के चबूतरे पर बैठ गया। वहां कुछ लोग ताश खेल रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान बाइक पर दो पुलिसकर्मी वहां से गुजरे। उन्होंने लोगों को ताश खेलते देखकर बाइक घूमा ली और हूटर बजा दिया।
इससे ताश खेलने वालों में हड़कंप मच गया और वे भागने लगे। उनको भागता देखकर कलवा भी भागने लगा और संतुलन खोकर तालाब में जा गिरा। इस बीच पुलिस वाले चंपत हो गए। कलवा को तालाब में गिरता देखकर कुछ दूर खड़े लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने कलवा को निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। कलवा की मौत से आक्रोशित लोगों ने बिजनौर-मंडावर रोड पर जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
एसओ सुरेंद्र पचौरी ने उनको शांत करने की कोशिश की। सीओ सिटी रामानंद कुशवाहा मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने व आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसपी सिटी एमएम बेग भी मौके पर पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी ली। एसओ सुरेंद्र पचौरी के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अभी किसी ने मामले में तहरीर नहीं दी है।