स्योहारा (बिजनौर)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह की बहन के बेटाें पर घर में घुस कर कुछ युवकों द्वारा जानलेवा हमला किया गया। हमले में दो युवक घायल हो गए, जबकि एक की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम हाजीपुर निवासी दिनेश कुमार पुत्र घनश्याम ने पुलिस में तहरीर देकर बताया कि आठ मार्च को करीब शाम चार बजे उसका भाई देवेंद्र घर में बैठा हुआ था , तभी गांव के संजीव कुमार पुत्र वीर सिंह, प्रिंस पुत्र संजीव कुमार, जयप्रकाश पुत्र मथुरा व बहादुर पुत्र संतराम जान से मारने की नियत से धारदार हथियार लेकर घर में घुस आए और मेरे भाई देवेंद्र के ऊपर जान से मारने की नियत से हमला कर दिया।
वह भाई को बचाने गया तो उन्होंने उसे भी मारना पीटना शुरू कर दिया और जाते जाते चारों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित दिनेश कुमार पुत्र घनश्याम की तहरीर पर उक्त चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया।
दिनेश कुमार और देवेंद्र कुमार भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह की बहन के बेटे हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि चारों आरोपी संजीव, प्रिंस, जयप्रकाश और बहादुर के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।