बिजनौर। कोरोना के संक्रमण व कैंसर से मरी महिला का अंतिम संस्कार ऋषिकेश प्रशासन से उत्तराखंड में ही किया गया। इस दौरान महिला के परिजनों को दूर से ही उसका चेहरा दिखाया गया।
शहर कोतवाली के गांव भोगी निवासी एम्स ऋषिकेश में भर्ती एक महिला के कोरोना संक्रमित होने का पता चला था। महिला 16 मई को कैंसर का अपना उपचार कराने के लिए एम्स गई थी। शुक्रवार को एम्स में ही महिला की मौत हो गई थी। महिला के कोरोना संक्रमित होने पर प्रशासन में भी हड़कंप मच गया है। जिले में रह रहे महिला के परिजनों को प्रशासन ने क्वारंटीन किया है। महिला के पति को एम्स में ही क्वारंटीन किया गया है। परिजनों के अनुसार ऋषिकेश प्रशासन द्वारा वहीं पर महिला का अंतिम संस्कार किया गया। चिकित्सकों की निगरानी में महिला का अंतिम संस्कार हुआ। इस दौरान वहां मौजूद पति को दूर से ही उसका चेहरा दिखाया गया।