शेरकोट। मोहल्ला हकीमान निवासी 18 वर्षीय शाहनवाज का शव सोमवार को खो नदी में उतराता मिला । वह दो दिन से लापता था। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
भाई सुहेल पुत्र अकबर कुरैशी ने बताया कि वे पांच भाई हैं। शाहनवाज चौथे नंबर का भाई था और शेरकोट में एक ब्रश कारखाने में काम करता था। शनिवार शाम शाहनवाज अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश किया, लेकिन पता नहीं लगा। सोमवार को उसका शव खो नदी में पड़ा मिला।
सीओ अफजलगढ़ अर्चना सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। आशंका जताई कि वह खो नदी में नहाने गया हो होगा और डूबने से उसकी मौत हो गई। परिजनों के आग्रह पर शव को उनकी सुपुर्दगी में दे दिया गया है।