खेत में युवक का शव मिला
कादराबाद। गांव बैरीखत्ता में गन्ने के एक खेत से 40 वर्षीय युवक का शव सड़ी गली अवस्था में पड़ा मिला। मृतक की पहचान गांव प्रेमपुरी निवासी दलवीर सिंह के रूप में हुई। सूचना पर सीओ ने मौके का निरीक्षण किया।
शनिवार को गांव बैरीखत्ता में गब्बर सिंह के खेत में गन्ना छीलने गए मजदूरों को सड़ी गली अवस्था में एक शव दिखाई दिया। शव के निकट ही तमंचा भी पड़ा मिला। शव की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव की पहचान गांव प्रेमपरी निवासी जसवीर सिंह ने अपने छोटे भाई दलवीर सिंह के रूप में की। जसवीर ने बताया कि उनका भाई एक माह से लापता था। एक माह पूर्व अचानक घर से सबको सोता छोड़कर वह लापता हो गया था। उन्होंने गुमशुदगी भी दर्ज भी कराई थी।
सीओ महेश कुमार व कोतवाल राजेश कुमार तिवारी घटनास्थल पर पहुंचे। मौके का मुआयना किया। पुलिस ने शव को पीएम को भेजा है। पुलिस ने तमंचा कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा है। सीओ महेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के कारण का पता चल पायेगा।