- नगीना थाना क्षेत्र के गांव काजीवाला का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। तीन दिन से लापता चल रहे एक युवक का पेड़ पर शव लटका मिला। युवक का शव बरामद होने से परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविवार की सुबह करीब नौ बजे पुलिस को ग्रामीणों ने गांव काजीवाला के जंगल में एक आम के पेड़ पर एक युवक का शव लटके होने की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को नीचे उतार कर उसकी शनाख्त कराई। जिसकी पहचान गांव नंदपुर कला निवासी अमर सिंह के 21 वर्षीय पुत्र प्रवेंद्र के रूप में हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र वशिष्ठ ने बताया कि युवक के पिता ने 29 जुलाई को थाने में दर्ज कराई गई गुमशुदगी में कहा था कि उसका बेटा 27 जुलाई सुबह आठ बजे से घर से निकला था। उसके बाद घर नहीं लौटा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया है। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।