सपा नेता की पत्नी सहित हत्या कर घर में दबाए शव
बिजनौर। 11 दिन से लापता चल रहे सपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव राजेश अग्रवाल (55) और उनकी पत्नी की हत्या कर दी गई और शव आरोपी महिला के घर की पशुशाला में दबा दिए। पुलिस ने महिला रुमा, उसके बेटे तुषार, प्रेमी मुकेश और मुकेश के चचेरे भाई आजाद किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष एवं किसान सेवा सहकारी समिति पेदा के अध्यक्ष धीरज को गिरफ्तार कर लिया है।
मूलरूप से अलीगढ़ के रहने वाले राजेश अग्रवाल पिछले 22 साल से बिजनौर की शिवलोक कॉलोनी में रह रहे थे। वह और उनकी पत्नी बबली उर्फ बबीता 28 फरवरी से लापता थे। बबीता के भाई गाजियाबाद निवासी मनोज कुमार राणा ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सपा नेता के गिरफ्तार महिला के साथ अनैतिक संबंध थे और उनके मकान और दो दुकानों को कब्जाने के लिए कुल्हाड़ी से प्रहार कर हत्या की गई। पुलिस ने गांव हमीदपुर में रुमा के घर से शव बरामद कर लिए हैं।
राजेश की बिजनौर में और बबीता हमीदपुर में की गई हत्या
बिजनौर। पुलिस का कहना है कि राजेश अग्रवाल को उन्हीं के घर में कुल्हाड़ी से हमला कर मारा गया और शव गांव हमीदपुर ले जाकर रुमा के घर में दबा दिया। इसके बाद रुमा का बेटा तुषार राजेश अग्रवाल की पत्नी बबली को स्कूटी पर बैठाकर अपने घर ले गया, जहां उसकी भी हत्या कर दी गई और शव दबा दिए।
पुलिस ने बताया कि रुमा के राजेश अग्रवाल और मुकेश से प्रेम संबंध थे। मुकेश और रुमा ने राजेश अग्रवाल के मकान और तीन दुकानों को कब्जाने के लिए इस दोहरे हत्याकांड की साजिश रची। इसमें रुमा ने अपने बेटे और मुकेश ने अपने चचेरे भाई धीरज को भी शामिल किया। एसपी बिजनौर डॉ.धर्मवीर सिंह ने बताया कि प्रॉपर्टी के लालच में साजिश के तहत 28 फरवरी को दंपती की हत्या कर दी गई थी। इसमें चार हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी निशानदेही पर शव बरामद कर लिए हैं।
बबीता उर्फ बबली की फाइल फोटो।- फोटो : BIJNOR