नजीबाबाद/मंडावली/कोतवाली देहात/धामपुर। शिवभक्तों की हर तरफ धूम है। सोमवार को क्षेत्रीय शिवालयों पर जलाभिषेक करने के लिए शिवभक्त लगातार गंतव्य की ओर बढ़ते नजर आए। मार्गाें पर ओम नमः शिवाय, जय भोले भंडारी, बम बम भोले की गूंज सुनाई दी। डाक कांवड़िये लगातार गंगाजल के साथ आस्था की दौड़ लगा रहे हैं।
मोटा महादेव स्वयंभू सिद्धपीठ मंदिर पर रविवार को तड़के से ही बड़ी संख्या में जलाभिषेक के लिए शिवभक्त पहुंचे। हरिद्वार से गंगाजल लेकर चले कांवड़ियों ने प्रथम जलाभिषेक मोटा महादेव मंदिर में किया। प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं के बीच मंदिर के पुजारी शशिनाथ शिवभक्तों को जलाभिषेक कराने में सहभागी बन रहे हैं। पुजारी सोटा लगाकर शिवभक्तों की थकान मिटाने में व्यस्त हैं।
नजीबाबाद क्षेत्र से सुबह से ही बड़ी संख्या में डाक कांवड़िये भगवान शिव के जयकारों के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। सुख समृद्धि सहित परिवार की खुशहाली की मनोकामनाओं के लिए शिव भक्तों का उत्साह देखते ही बनता है। न थकान है और न ही शिवभक्तों के कदम डगमगा रहे हैं, बस भगवान शिव का आशीर्वाद लेने और जलाभिषेक के लिए मंजिल तक पहुंचना ही उनका लक्ष्य है।
n कांवड़ियों को फल वितरित किए : कोतवाली देहात। बुलंदशहर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, बदायूं आदि जनपदों के कांवड़िये कोतवाली देहात से होकर जा रहे हैं। कोतवाली देहात में भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। कई स्थानों पर मुस्लिम समाज के लोगों ने कांवड़ियों को फल आदि का इंतजाम किया। नहटौर-चांदपुर कांवड़ मार्ग पर स्थित ग्राम पैजनिया चौराहे पर सीओ राकेश वशिष्ठ ने पुलिस टीम के साथ कांवड़ियों को फल वितरित किए।
n डाक कांवड़ों से शिवमयी हुआ वातावरण : धामपुर। रविवार को हाईवे पर डाक कांवड़ियों का सैलाब रहा। डाक कांवड़ में भोले नाथ के अलग अलग रूपों, शिवलिंग और शिवालयों से शोभायमान रही। श्रावण मास के द्वितीय सोमवार पर जलाभिषेक करने के लिए शिवभक्त तेजी के साथ अपने गंतव्यों को रवाना हुए। भोले के भजनों से गुंजायमान डीजे और कांवड़ वाहनों की रवानगी से वातावरण पूरी तरह से शिवमयी रहा।
नजीबाबाद से कांवड़ ले जाते शिवभक्त। संवाद
नजीबाबाद से कांवड़ ले जाते शिवभक्त। संवाद