1200 बकाएदारों के विद्युत कनेक्शन काटे
धामपुर। विद्युत निगम ने कोरोनाकाल के दौरान दस हजार से ऊपर के बकाएदार 1200 से ज्यादा उपभोक्ताओं के बिजली के कनेक्शनों को काट दियाहै। बिजली चोरी रोकने के लिए निगम की ओर से मॉर्निंग रेड अभियान (दिन निकलने से पहले ) शुरू कर दिया गया है। इसके तहत निगम के अधिकारी पुलिस के सहयोग से दिन निकलने से पहले गांवों में छापेमारी करेंगे। जो विद्युत चोरी करता पकड़ में आएगा। उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
विद्युत वितरण खंड प्रथम धामपुर के एक्सईएन वीरेंद्र कुमार ने बताया कि धामपुर प्रथम खंड में 12 बिजलीघरों के अंतर्गत दस हजार से ऊपर के बकाएदारों के कनेक्शनों को काटा जा रहा है। एमडी के आदेश पर अब मॉर्निंग रेड अभियान चलाया गया है। इसके तहत निगम के अधिकारी पुलिस की मदद से दिन निकलने से रात में औचक निरीक्षण करेंगे क्योंकि रात में ही गांवों में बिजली की ज्यादा चोरी होती है।
इनसेट
निगम को बकाया की फिक्र है तो चीनी मिलों से पेमेंट दिलाएं: दुष्यंत राणा
भाकियू के ब्लाक अध्यक्ष दुष्यंत राणा का कहना है कि निगम के अधिकारियों को यदि निगम की बकाया जमा कराने का इतना ही फिक्र है तो वह सरकार से दबाव बनवा कर चीनी मिलों से किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराएं। यदि किसी ने बकाया जमा करने की आड़ में किसानों बिजली चोरी के नाम पर उत्पीड़न करने का प्रयास किया तो बर्दाश्त नहीं होगा।