सर्वे सट्टा प्रदर्शन के अंतिम दिन उमड़ी किसानों की भीड़
अफजलगढ़/हल्दौर। गांव भज्जावाला स्थित गन्ना समिति के प्रांगण में गन्ना विकास परिषद की ओर से गन्ना सर्वे सट्टा प्रदर्शन एकमुश्त समाधान शिविर का समापन किया गया।
बुधवार को सहकारी गन्ना विकास समिति के प्रांगण में तीन दिवसीय समाधान सर्वे सट्टा प्रदर्शन के अंतिम दिन सैकड़ों किसान पहुंचे। गन्ना समिति के सचिव साहब सिंह सत्यार्थी ने बताया शिविर के दौरान कुल 865 किसानों ने विभिन्न स्तर पर संशोधन के लिए आवेदन किया। इनमें से 257 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसके अलावा फीडिंग का कार्य तेजी के साथ हो रहा है जो तीन चार दिन के भीतर पूर्ण हो जाएगा। इस दौरान गन्ना विकास परिषद के एससीडीआई विजयपाल सिंह व समिती के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। उधर हल्दौर में लगाए गए गन्ना सर्वे सट्टा प्रर्दशन शिविर के अंतिम दिन 1173 किसानों ने आपत्तियां जमा कराई। समिति के सचिव ओमप्रकाश सिंह के अनुसार हल्दौर समिति में बिलाई, स्योहारा, धामपुर व चांदपुर चीनी मिल है। इस समिति में करीब 11509 किसान खेती करते है। इन तीन दिनों में किसानों ने संशोधन हेतु 1173 आपत्तियां दर्ज कराई है। जिसमें 495 आपत्तियों का मौके पर ही निस्तारण किया गया है। इस अवसर पर गन्ना विकास परिषद बिलाई के गन्ना ज्येष्ठ निरीक्षक अमित पांडे, गन्ना पर्यवेक्षक अरविंद कुमार, धर्मेंद्र बहादुर, कुंवरपाल सिंह, हितेश मोहन, उधम सिंह, निहाल सिंह आदि मौजूद रहे।