बिजनौर में मुख्य बाजार में उमड़ी भीड़।
- फोटो : BIJNOR
सड़कों पर उमड़ी भीड़, बाजारों में लगा जाम
बिजनौर। शहर में शुक्रवार को भी सड़कों पर भीड़ उमड़ी रही। बाजारों में कहीं भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया गया। अब पुलिस भी लॉक डाउन से ज्यादा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए जनता से अपील कर रही है। लेकिन इसका कोई असर होता नहीं दिख रहा है।
शुक्रवार को बाजार में भारी भीड़ नजर आई, हालांकि इस भीड़ में ऐसे लोग बहुत कम थे जो ईद की खरीदारी करने के लिए बाजार आए थे। मुस्लिम समाज के लोग लॉकडाउन के कारण काम प्रभावित होने से खरीदारी करने से परहेज कर रहे हैं। ज्यादातर लोग तो ऐसे हैं जो समय काटने के लिए बाजार में घूमने या अपने दोस्तों से मिलने को बाहर आ रहे हैं। भीड़ इतनी थी कि नगर पालिका वाले चौराहे पर दिन भर जाम के हालात बने रहे। हालांकि कोरोना के जिले में मिल रहे मरीजों को देखते हुए काफी परिवार अब पहले से ज्यादा सजग हो गए हैं। कुछ जगह पर अब भी लोगों ने अपनी गली में बल्ली आदि लगाकर रास्ता बंद कर रखा है। केवल मोहल्लेवालों को ही अंदर आने दिया जा रहा है। एसडीएम बृजेश कुमार का कहना है कि लोगों व व्यापारियों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए अपील की जा रही है। लॉकडाउन में छूट ही दी गई है लॉकडाउन खत्म नहीं किया गया है। जनता लॉक डाउन और सोशल डिस्टेंसिंग का पहले की तरह पालन करे।