नींदडू़ में बुद्ध बाजार में खरीदारों की भारी भीड़।
- फोटो : BIJNOR
नींदडू़। साप्ताहिक बुध बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान ज्यादातर लोगों ने न तो मास्क का प्रयोग किया और न ही सामाजिक दूरी का पालन किया। ऐसे में कोरोना महामारी फैलने की आशंका बढ़ती जा रही है।
नींदडू़ खास में 1976 से बुधवार को लगते आ रहे साप्ताहिक बाजार में नींदडू़ खास के अलावा मोहम्मद अलीपुर भिक्कन, महाबतपुर बीरू, बाजीदपुर, अंथाई शेख, कोटरा टप्पा, मनकुआ, अजीतपुर दासी, बुआपुर नत्थू, दौलतपुर सुक्खा, बखशनपुर और मिर्जापुर पल्ला आदि गांवों के सैंकड़ों लोग खरीदारी करने आते हैं। कोविड-19 के कारण बंद रहा साप्ताहिक बाजार अक्तूबर में पुन: लगने लगा। बाजार में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। खरीदारी करने आए लोगों ने मास्क का प्रयोग नहीं किया, वहीं सामाजिक दूरी का ध्यान भी नहीं रखा। दुकानदार भी बिना मास्क के सामान बेचते नजर आए। दुकानदार कई बार खुली जगह में बाजार लगाने की मांग कर चुके हैं।
उधर, प्रधान रेशमा मुदस्सर का कहना है कि पंचायत में ग्राम समाज की भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण बाजार को किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट करना संभव नहीं है। इस कारण रविवार को लगने वाला दूसरा साप्तहिक बाजार भी सड़क के किनारे ही लग रहा है।