कालागढ़ में स्टील ब्रिज के नीचे रामगंगा में चीतल को मुंह में दबाकर पानी में भागता मगरमच्छ।
- फोटो : DHAMPUR
चीतल को गहरे पानी में खींच ले गया मगरमच्छ
कालागढ़। कालागढ़ की रामगंगा नदी में एक मगरमच्छ ने चीतल का शिकार किया। मगरमच्छ चीतल को मुंह में दबाकर गहरे पानी में ले गया। शनिवार शाम हुई इस घटना को वहां सैर करने लोगों ने देखा और अपने कैमरों में कैद कर लिया। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
कालागढ़ में रामगंगा नदी में पानी पीने आए एक चीतल को नदी में तैर रहे मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया। प्राचीन शिव मंदिर स्थित स्टील ब्रिज के नीचे रामगंगा नदी बहती है। इस नदी में मगरमच्छों का डेरा है। नदी किनारे चीतलों का एक झुंड अठखेलियां कर रहा था। इन्हीं में से एक चीतल पानी पीने के लिए रामगंगा नदी की ओर चला गया। जैसे ही चीतल नदी में पानी पीने लगा वैसे ही विशालकाय मगरमच्छ ने उस पर हमला बोल दिया। मगरमच्छ चीतल को जबड़ों में दबाकर तेजी से नदी के गहरे पानी में ले गया। घटना को देखने के लिए स्टील ब्रिज पर पहुंचे शिव मंदिर के श्रद्धालु, सुरक्षा एवं पुलिस कर्मियों की भीड़ जमा हो गई। अचानक घटित घटना को कुछ व्यक्तियों ने अपने मोबाइल में कैद करने की कोशिश की। वहीं, कार्बेट टाइगर रिजर्व के कालागढ़ के वन क्षेत्राधिकारी आरके भट्ट ने बताया यह वन्य जीवन की एक समृद्ध घटना है। रामगंगा नदी में मगरमच्छ और घड़ियाल के अलावा सांप और अन्य जीव भी मौजूद हैं। इसलिए नदी से दूरी बनाए रखना बहुत जरूरी है। मगरमच्छ भूखा रहा होगा ऐसे में उसने चीतल का शिकार किया। इस प्रकार की घटनाओं में मगरमच्छ शिकार को नदी से बाहर कहीं दूर ले जाकर खाता है। कालागढ़ में रामगंगा नदी के तट पर घटी इस घटना की वीडियो क्षेत्र में वायरल हो रही है। नागरिकों पीयूष कुमार, धर्मेंद्र कुमार, रामजीवन सिंह आदि का कहना है कि कालागढ़ में पहली बार दुर्लभ दृश्य देखने को मिला है।