कोतवाली देहात में अकबराबाद किरतपुर मार्ग पर अज्ञात वाहन ओर बाइक की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक युवक के पिता ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। घटना के बाद वाहन चालक वाहन समेत फरार हो गया।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम बेगमपुर शादी निवासी विरेंद्र सिंह पुत्र मोहित कुमार(19) बाइक से बृहस्पतिवार दोपहर को अकबराबाद से गांव वापस जा रहा था। जैसे ही वह अकबराबाद ओर बेगमपुर शादी के बीच में स्थित नहर के पुल के पास पहुंचा तो उसकी बाइक सामने से आ रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई ।
सूचना पर उसके परिजन ओर अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी थाना कोतवाली देहात पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची ओर मृतक युवक के शव को कब्जे में ले लिया । पुलिस ने युवक के पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।