बिजनौर में सऊदी अरब से लौटकर रामनगर घूमने गए युवकों की बाइक खाई में गिर गई। इससे तीन लोग गंभीर घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
मोहल्ला फरजाना केका निवासी कादिर अली (26) सऊदी अरब में कार्य करता था। दो दिन पूर्व वह विदेश से घर लौटा था। उसके साथ कार्य करने वाला शेरकोट निवासी मित्र शानू भी सऊदी अरब से घर आया हुआ था।
रविवार सवेरे कादिर अली, स्योहारा निवासी फुफेरा भाई सलमान अली (24) तथा शेरकोट निवासी मित्र शानू (25) एक ही बाइक पर सवार होकर रामनगर घूमने गए थे। बाइक कादिर अली चला रहा था। शाम करीब पांच बजे उनके घर पर सूचना मिली कि उनकी बाइक एक खाई में गिर गई है।
उनके परिजन नवेद अरशद ने बताया कि बाइक एक मोड़ पर अनियंत्रित हो गई थी। इससे उस पर सवार तीनों युवक गंभीर जख्मी हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तीनों को सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया। वहां उनका इलाज चल रहा है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही युवकों के परिजन वहां के लिए रवाना हो गए हैं।