भूतपुरी गांव में कच्ची शराब विक्रेताओं की झोपड़ी में आग लगातीं महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
अफजलगढ़ में गांव भूतपुरी की लाठी-डंडों से लैस महिलाओं ने शराब विक्रेताओं की झोपड़ी को फूंककर जसपुर हाईवे पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे सीओ ने महिला को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का भरोसा देते हुए जाम खुलवाया।
महिलाओं ने चेताया यदि पुलिस संरक्षण में शराब की बिक्री हुई तो वह आरपार की लड़ाई करने को मजबूर होंगी। रविवार को भूतपुरी में उस समय हड़कंप मच गया जब लाठी-डंडों से लैस एक दर्जन से ज्यादा महिला ने भूतपुरी पुल के नीचे एक झोपड़ी में शराब बेचने पर आग लगा दी। झोपड़ी जल गई। शराब विक्रेता महिलाओं को देख मौके से भाग गए।
इस दौरान महिलाओं ने पुलिस संरक्षण में कच्ची व अंग्रेजी शराब बेचने का आरोप लगाते हुए भूतपुरी जसपुर स्टेट हाईवे जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे सीओ विमल किशोर ने महिलाओं को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। महिलाओं का आरोप है कि शराब की दुकान बंद होने के बाद शराब माफिया सक्रिय हो गए हैं। खेेतों में ठिकाने बनाकर कच्ची व अंग्रेजी की शराब बेच रहे हैं, लेकिन वह किसी भी कीमत पर गांव के आसपास इस धंधे को नहीं चलने देंगी। उधर, सीओ विमल किशोर का कहना है कि आरोपियों को चिह्नित कर कार्रवाई होगी। किसी भी शराब बेचने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।