भागूवाला में खेतों की रखवाली कर रहे ग्रामीणों की सजगता से वन क्षेत्र से चुराकर ले जाई जा रही खैर की लकड़ी वाहन सहित पकड़ ली गई। लकड़ी चोर मौके से भाग निकले। वन विभाग ने वाहन को सीज कर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शनिवार देर रात रामपुरचाठा के जंगल क्षेत्र से राजगढ़ की ओर जा रहे एक वाहन को खेतों की रखवाली कर रहे ग्रामीणों ने रोका, तो वाहन में सवार लोग मौके पर वाहन छोड़कर भाग निकले। ग्रामीणों ने पहुंचकर देखा कि उसमें खैर की लकड़ी भरी थी। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना रामपुरचाठा वन चौकी पर तैनात वन दरोगा भरतलाल को दी गई। भरतलाल ने खैर की लकड़ी से भरा महिंद्रा वन चौकी पर लाकर खड़ा कर दिया।
साथ ही मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। वाहन स्वामी एवं चालक के संबंध में जानकारी न होने पर वाहन को सीज कर वन संपदा अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली। वन कर्मियों की लापरवाही से आए दिन जंगल से कीमती लकड़ियां चोरी हो रही हैं। बीते कुछ दिनों में लोगों की सजगता से चोरी की गई लकड़ी वन विभाग बरामद कर चुका है।