युवती ने ससुराल में फांसी लगाकर जान दे दी। मायके वालों ने पुत्री की ससुराल में हंगामा कर मानसिक उत्पीड़न करने और मार डालने का आरोप लगाया।
बिसंडा थाना क्षेत्र के ओरन कस्बा निवासी क्षमा (22) पत्नी अवधेश ने रविवार को दोपहर अपने कमरे में सीलिंग हुक अंगौछे से फांसी लगा ली। देर तक कमरे का दरवाजा न खुलने पर ससुर रामायण चरन ने दुकान जाकर पुत्र अवधेश को जानकारी दी। पड़ोसियों की मदद से दरवाजे की कुंडी तोड़कर देखा तो शव फंदे पर टंगा था।
घटना की सूचना मिलने पर ओरन चौकी पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम को भेजा है। ससुर ने बताया कि उसके चार पुत्रों में सभी अलग रहते हैं। वह पत्नी के साथ बाजार थोक स्थित मकान में रहता है। इसी मकान में सास व ससुर ऊपर की मंजिल में अलग रहते हैं।
मृतका के पिता भवानीदीन (नरैनी) ने बताया कि उसने अप्रैल 2015 में पुत्री की शादी की थी। ससुरालीजन उसका मानसिक उत्पीड़न करते थे। डेढ़ माह पहले पुत्री को विदा करा ले गए थे। पुत्री की मौत पर मां, पिता और भाइयों ने हंगामा मचाते हुए ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया।
मृतका अपने पीछे एक साल का पुत्र छोड़ गई है। उधर, चौकी प्रभारी लालजी का कहना है कि सूचना के आधार पर शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली।