बिजनौर में वासु के अपहरण के बाद कत्ल करने की वारदात को अभी लोग भूल ही नहीं पाए थे कि बृहस्पतिवार को वैन सवार कुछ युवकों ने दो छात्रों को अगवा करने की कोशिश की। दोनों छात्रों को उनके पिता का एक्सीडेंट होने की बात बताकर अगवा करने की कोशिश की गई। दोनों छात्रों की सूझबूझ से बदमाश वारदात को अंजाम देने में कामयाब नहीं हो पाए। पुलिस ने कहा कि वैन की तलाश में शहर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने में जुटी हुई है।
बिजनौर के मोहल्ला काजीपाड़ा निवासी शफात हुसैन वेल्डिंग की दुकान करते हैं। उनका 12 वर्षीय बेटा सुफयान हुसैन सेंटमैरी स्कूल में कक्षा छह का छात्र है। बृहस्पतिवार को स्कूल की छुट्टी होने पर दिन में करीब 1.45 बजे युवक ग्रे कलर की वैन लिए दूर खड़ा रहा। उसका साथी सुफयान के पास आया। उसने सुफयान से कहा कि तुम्हारे पापा का एक्सीडेंट हो गया है। उन्हें डॉ. पीयूष के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुफयान भाग कर रिक्शा चालक के पास गया। चालक ने सुफयान के पापा का मोबाइल पर कॉल की। उन्होंने अपने को ठीक बताया। इस दौरान कार सवार युवक वहां से भाग गए। सूचना मिलते ही परिजन स्कूल पहुंच गए। पुलिस को घटना की तहरीर दी। पुलिस ने कार सवारों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
एक अन्य घटना में नगर पालिका में तैनात लिपिक रूपाली रस्तोगी का बेटा काव्य सेंटमैरीज में कक्षा चार का छात्र है। उसके परिजन नगर पालिका के वाटर वर्क्स कैंपस में रहते हैं। बृहस्पतिवार की दोपहर अन्य बच्चों के साथ वह स्कूल से आया था। पोस्ट आफिस चौराहे पर एक सफेद कलर की वैन खड़ी थी। अन्य बच्चों के नहीं आने पर काव्य ने वैन के बारे में मालूम किया। इस पर दोनों युवकों ने उसे वैन में खींचने की कोशिश की। उसका बैग भी छीनने का प्रयास किया। युवकों ने कहा कि तुम्हारे पिता का एक्सीडेंट हो गया है। काव्य दौड़कर घर पर अपनी दादी और दादा को बताया। दादा-दादी ने काव्य के पिता को फोन करके मालूम किया।
इस पर उन्होंने अपने को सही सलामत बताया। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दोनों वैन की तलाश की, लेकिन कोई नहीं मिला। शहर की सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में पुलिस जुटी है। शहर कोतवाल ऋषिराम कठेरिया के मुताबिक दोनों घटनाओं की छानबीन करने के बाद कहीं ऐसा नहीं लगा कि छात्रों के अपहरण की कोशिश की गई।
सीसीटीवी कैमरे में भी ऐसी तस्वीर साफ नहीं हुई। पुलिस की टीम जांच कर रही है।