बिजनौर(ब्यूरो)। एनआईए अफसर तंजील अहमद और उनकी पत्नी फरजाना का हत्यारोपी मुनीर अत्याधुनिक हथियार लूटने की फिराक में काफी दिनों से लगा हुआ था। हथियार लूटने के साथ बैंक की मोटी रकम लूटने का भी मुनीर साजिश रच रहा था।
तंजील अहमद और उनकी पत्नी फरजाना का मर्डर करने के बाद भी मुनीर ने अपने इरादे नहीं बदले थे। जरायम की दुनिया में उनके कदम बढ़ते जा रहे थे। मुनीर फरारी के दौरान किसी अत्याधुनिक हथियार को लूटना चाहता था। इसका मुनीर साजिश रहा था। मुनीर को एके-47 जैसे अत्याधुनिक हथियार की तलाश थी।
मुनीर ने पूछताछ के दौरान बिजनौर से गई पुलिस टीम को यह बात बताई है। हथियार के साथ मुनीर की नजर बैंक के बडे़ कैश पर लूट पर भी थी। बैंक लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद वह मुंबई के किसी इलाके में जाकर शरण लेने की फिराक में था। वहां कुछ समय बिताने के बाद मुनीर फिर से अपनी अपराध की दुनिया में तहलका मचाना चाहता था।
मुनीर ने पुलिस को बताया कि उसे अच्छे हथियार रखने का शुरू से शौक रहा है। पहले से वह अच्छे हथियार रखता आया है। फरारी के दौरान मुनीर का कोर्ट में सरेंडर करने का भी कोई इरादा नहीं था। मुनीर ने पुलिस को बताया कि वह कभी आत्मसमर्पण नहीं करता।