बिजनौर के गांव भरैरा में साधु की त्रिशूल से गोदकर हत्या कर दी गई। उसके शव के पास ही एक महिला बेहोशी की हालत में पड़ी हुई मिलने से सनसनी फैल गई।
पुलिस ने घटनास्थल के पास शराब के खाली चार पव्वे भी बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती करा दिया है। महिला गर्भवती है। इस घटना के संबंध में साधु के भांजे ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक शामली जिले के कांधला थाना क्षेत्र के गांव भनेड़ा निवासी साधु सतवीर उर्फ सत्ते (55) काफी समय से गांव भरैरा के शिव मंदिर पर रहता था। सोमवार की रात साधु एक महिला के साथ गांव आया हुआ था। वह महिला को शिवमंदिर पर नहीं ले गया।
वह जंगल में स्थित देवता पर महिला के साथ रात में जा रुका। मंगलवार की सुबह देवता के पास साधु का शव पड़ा देखकर सब हक्के बक्के रहे गए। साधु के सिर में त्रिशूल लगा हुआ था। उसके शव के पास बेहोशी की हालत में महिला पड़ी थी। गांव के लोग देवता पर एकत्र हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची।
एसपी सुभाष सिंह बघेल ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी ली। मौके से पुलिस को शराब के चार पव्वे भी मिले है। पुलिस ने साधु के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस शुरू में मान रही थी कि साधु ने महिला के साथ रात में जोर जबरदस्ती की होगी।
गुस्से में आकर महिला ने साधु पर त्रिशूल से वार कर वारदात को अंजाम दिया हो। हालांकि मौके पर मिले शराब के पव्वे इस बात का इशारा कर रहे हैं कि देवता पर कोई और भी आया होगा। पुलिस के मुताबिक देवता पर साधु के साथ शराब पीने वालों ने कहीं वारदात को अंजाम तो नहीं दिया।
पुलिस ने कहा कि सारे पहलुओं की जांच की जा रही है। हत्या का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस के मुताबिक बेहोश पड़ी मिली महिला गर्भवती है। उसे जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है। महिला बातचीत करने में मंदबुद्धि लग रही है।
महिला अपने को बिहार निवासी बता रही है। साधु का मर्डर कैसे और किसने किया था यह तस्वीर अभी साफ नहीं हुई है। उधर, इस मामले में साधु के भांजे मुजफ्फरनगर जिले के नया गांव निवासी अरुण ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि साधु सतवीर नशा करने का आदी था।
हो सकता है कि गुस्से में आकर साधु ने खुद त्रिशूल से वार कर मौत को गले लगा लिया हो। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।