जिस स्थान पर पंद्रह दिन पहले बदमाशों ने थाना जहॉनाबाद क्षेत्र के गांव कुकरीखेड़ा के पास कसबे के मोहल्ला नईबस्ती निवासी होमगार्ड छेद्दू बक्श और उसके भतीजे के साथ लूटपाट की थी। ठीक उसी जगह को बदमाशों ने सोमवार की सायं हाइजेक कर लिया और लूटपाट की घटना को अंजाम देने का प्रयास किया। बदमाशों ने बाइक से आ रहे गांव नवदिया विशेन निवासी नरेंद्र के न रुकने पर उस पर लाठी-डंडों बरसाने शुरू कर दिए। जिससे उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, गनीमत यह रही कि वह मौके से बाइक समेत भाग निकला। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
बतादें कि कि 14 अप्रैल की देर सायं बदमाशों ने गांव कुकरीखेड़ा के निकट स्थित कब्रिस्तान के पास बाइक रोक ली थी और बाइक पर सवार कसबा जहॉनाबाद निवासी होमगार्ड छेद्दूबक्श और उसके भतीजे की जमकर पिटाई करने के बाद बदमाश होमगार्ड से पांच हजार रूपये की नगदी व मोबाइल लूट ले गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने लूटी गई बाइक घटना स्थल से कुछ दूर गड्ढे से बरामद की थी। होमगार्ड ने घटना की तहरीर पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने उसे डरा धमकाकर रिपोर्ट दर्ज नहीं की और न ही घटना को लेकर संजीदा हुई। नतीजतन सोमवार की देर सायं बदमाशों ने कब्रिस्तान के पास मार्ग को हाइजेक कर लिया। रात करीब साढ़े नौ बजे निकले गांव नवदिया विशेन निवासी नरेंद को बदमाशों ने रोकने की कोशिश की, लेकिन खतरा भांपते हुए उसने बाइक की रफ्तार तेज कर दी। पीड़ित नरेंद्र ने बताया कि बाइक की रफ्तार बढ़ाते ही बदमाशों ने उस पर लाठी-डंडे चला दिए। दो-चार डंडे उसके भी पड़ गए और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन उसने बाइक नहीं रोकी। पीड़ित ने घटना की सूचना शाही चौकी पुलिस और थाने जाकर पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
------
टीएन