नजीबाबाद में चंदनपुरा स्थित स्वीमिंग पूल में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दो साथी बाल-बाल बच गए।
थाना क्षेत्र के गांव धनसीनी निवासी जाकिर का पुत्र जुनैद अपने दो हमउम्र साथियों साहिल व रिहान के साथ बृहस्पतिवार दोपहर घर से घूमने के लिए निकला था। तीनों किशोर कोटद्वार मार्ग पर गांव चंदनपुरा क्षेत्र में स्थित डॉ. विश्वपाल जयंत के तरणताल स्वीमिंग पूल पर पहुंच गए। तीनों किशोर स्वीमिंग पूल में उतर गए। मगर कुछ ही पलों में जुनैद छटपटाने लगा। देखते ही देखते वह पानी में समा गया। बताया जाता है कि उसके साथी किशोरों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, मगर कामयाब नहीं रहे। इतना ही नहीं जुनैद को बचाने के प्रयास में दोनों साथी किशोर बाल-बाल बच गए। जुनैद के स्वीमिंग पूल में डूब जाने की खबर मिलते ही परिवार के सदस्यों में कोहराम मच गया। परिजन और थाना प्रभारी तेजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पानी में डूबे जुुनैद का शव बाहर निकलते ही परिजनों की खुशियां मातम में बदल गई। परिजनों द्वारा कार्रवाई न करने की गुहार पर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।