बिजनौर में चांदपुर की चुगी पर जाम लगा रही भीड़ को समझाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में बुधवार की रात बिजनौर के मोहल्ला मिर्दगान में असलम उर्फ तोता का मर्डर आरोपी नदीम के ताजिए की भूमि पर कब्जा करने की शिकायत को लेकर हुआ। इस मामले में दो के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कभी दोनों दोस्त हुआ करते थे।
पुलिस के मुताबिक बिजनौर के मोहल्ला मिर्दगान में ताजिए की करीब 40 गज जमीन है। इस जमीन पर मोहल्ले का नदीम कब्जा करना चाहता था। जमीन पर कभी भी टिनशेड डाल दिए जाते थे। मोहल्ले का असगर ताजिए की जमीन पर कब्जा करने की नदीम की शिकायत अफसरों से करता रहता था। शिकायत में असलम को गवाह बना लेता था। नदीम टेंशन में रहने लगा।
बुधवार रात नदीम ने शिकायत करने वालों को सबक सिखाने की ठान ली। वह तमंचा लेकर घर से निकल पड़ा और असगर को ढूंढने लगा। मिर्दगान निवासी असलम उर्फ तोता रामलीला मैदान के पास कांशीराम कालोनी में रहता था। रोज रात को लोगों के पास वह मिर्दगान मोहल्ला जाता था। बुधवार की रात भी असलम गया था। रात करीब सवा दस बजे मोहल्ले में बाहर बाली मस्जिद के पास असलम तोता नदीम के सामने पड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों में नोक झोंक शुरू हो गई। नदीम ने असलम को पहले गोली मारने की धमकी दी।
विवाद बढ़ने पर नदीम ने असलम को गोली मार दी और भाग गया। गोली असलम के चेहरे पर लगी। असलम का मर्डर होते ही लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नदीम की तलाश की पर वह नहीं मिला। मृतक असलम के भाई अशरफ ने नदीम व उसके भाई वसीम के खिलाफ शहर कोतवाली में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस संबंध में कार्यवाहक कोतवाल राजीव त्यागी के मुताबिक दोनों आरोपी भाइयों की तलाश में पुलिस लगी है।