नजीबाबाद में मिष्ठान प्रतिष्ठान की तीसरी मंजिल पर रहस्यमयी ढंग से आग लग गई। आग से काफी सामान जल गया।
धर्मकांटा चौराहे पर इनाम अहमद का रहमानी स्वीट्स नाम से मिष्ठान की दुकान है। भूतल पर मिठाई की बिक्री होती है, जबकि दूसरी मंजिल पर ग्राहकों के बैठकर खाने-पीने की व्यवस्था है। दुकान की तीसरी मंजिल पर कारीगर मिठाइयां बनाते हैं। बुधवार रात किसी समय मिठाई बनाने के स्थान पर आग लग गई। पूरी रात किसी को आग लगने का पता नहीं लगा, जिससे दुकान में रखा हजारों कीमत का काफी सामान आग की भेंट चढ़ गया। बृहस्पतिवार सुबह आग लगने का पता चला तो आनन-फानन में पहुंचे प्रतिष्ठान मालिक और आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाया। जिस स्थान पर आग लगी, वहां गैस सिलेंडर रखा था। संयोग से गैस सिलेंडर में आग नहीं लगी। आसपास कई लोगों के अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान और घर होने से कोई बड़ा हादसा पेश आता। इनाम अहमद, अखलाक, आसिफ, शमशाद आदि ने बड़ा हादसा टलने पर राहत की सांस ली।