धामपुर में एसबीडी कॉलेज में छात्रवृत्ति फार्म में गड़बड़ी के चलते आंदोलनरत छात्राएं मंगलवार को उग्र हो गईं। उन्होंने स्टेट हाईवे जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार छात्राओं को समझाकर कॉलेज के अंदर ले गए, लेकिन यहां शिक्षिका द्वारा छात्रा की पिटाई के बाद छात्राएं और भड़क गईं।
उन्होंने कॉलेज में जमकर तोड़फोड़ करते हुए पथराव किया। प्रबंधक पर अंडे फें के और उनकी कार क्षतिग्रस्त कर दी। छात्राओं ने शिक्षिकाओं को दौड़ा दौड़ाकर पीटा। पुलिस और प्रशासन मूक दर्शक बना रहा। बाद में छात्राओं ने कोतवाली में जमकर प्रदर्शन किया और कॉलेज प्रबंधक और शिक्षिकाओं के खिलाफ छात्रवृत्ति फार्म में गड़बड़ी और कपडे़ फाड़ने के आरोप लगाते हुए तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने जांच बैठा दी।
कॉलेज प्रबंधन पर छात्रवृत्ति फार्म में धोखाधड़ी कर वसूली के आरोपों को लेकर छात्राओं ने सोमवार को भी जमकर प्रदर्शन करते हुए एसडीएम से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई न होते देख मंगलवार को छात्राएं उग्र हो गईं। सैकड़ों छात्राओं ने एकत्रित होकर हाईवे जाम कर दिया।
छात्राओं ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रबंधन ने कालेज में प्रवेश देते हुए उनके साथ धोखाधड़ी की है। कॉलेज में अनुदानित सीटें खाली हैं, लेकिन प्रबंधक ने उन्हें सेल्फ फाइनेंस कोटे की सीटों पर प्रवेश दिया है।
हाईवे जाम होने की सूचना पर पहुंचे तहसीलदार किसी तरह छात्राओं को समझाकर प्रबंधक कक्ष में ले गए, लेकिन छात्राएं उनके कक्ष में भी उग्र हो गईं। इस दौरान एक शिक्षिका ने छात्रा को पिटाई कर दी, जिस पर छात्राओं का पारा और चढ़ गया। उन्होंने प्रबंधक पर अंडे बरसा दिए।
प्रबंधक की कॉलेज परिसर में खड़ी कार पर पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। छात्राआें द्वारा तोड़फोड़ की वीडियो बना रही महिला क्लर्क को भी छात्राओं ने दौड़ा लिया और उसकी पिटाई की। कालेज की कुछ शिक्षिकाओं ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी, उन्होंने कॉलेज के गमले भी तोड़ दिए।
छात्राओं का आक्रोश देख शिक्षिकाओं, स्टाफ ने कमरों में छिप गई। कॉलेज में पथराव के बाद छात्राओं ने कोतवाली का भी घेराव किया। उन्होंने कॉलेज प्रबंधक पर प्रवेश के नाम पर घपलेबाजी करने और कपड़े फाड़ने के आरोप लगाए। छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधक और शिक्षिकाओं के खिलाफ तहरीर दी।
कोतवाल रवींद्र प्रताप सिंह ने बताया कि छात्राओं की तहरीर पर कालेज के प््रबंधक विजय कुमार अग्रवाल, प्राचार्य डॉ. पूनम चौहान, डॉ. चारु अग्रवाल और गीता शर्मा को नामजद करते हुए कालेज के एक दर्जन स्टॉफ और टीचरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।