बिजनौर में बेखौफ बदमाशों ने जिले में जमकर कहर बरपाया। लुटेरों ने छाछरी मोड़ में परिवार को बंधक बनाकर नकदी समेत करीब 2.50 रुपये का सामान लूट लिया। चांदपुर में नकाबपोश बदमाशों ने तीन घरों में घुसकर लाखों का सामान लूट लिया। बदमाशों ने वारदात का विरोध करने पर परिवारों के सदस्यों को हथियारों के बल पर धमका कर उन्हें चुप करा दिया। उधर, शेरकोट में बदमाशों ने बाइक सवार से 15 हजार रुपये लूट लिए। आपराधिक वारदात बढ़ने से लोगों में दहशत व्याप्त है।
छाछरी मोड़ में गांव उलेढ़ा में नकाबपोश बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर नकदी और आभूषण सहित करीब ढाई लाख रुपये लूट ली। वारदात के बाद बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। गांव में दूसरी जगह जाग होने पर भी बदमाश भाग निकले। लूट की तहरीर मिलने पर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
थाना हीमपुर दीपा क्षेत्र के गांव उलेढ़ा में सर्व यूपी ग्रामीण बैंक के पास गेंदपाल सिंह का मकान है। घर में ही पशुशाला है। गेंदपाल सिंह पशुओं के पास सोए हुए थे, जबकि अन्य परिजन घर में सो रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे एक बदमाश दीवार फांदकर घर में घुस गया और मुख्य मार्ग की ओर स्थित बैठक की कुंडी खोल दी। अन्य तीन नकाबपोश बदमाश भी दरवाजे से अंदर घर में आ गए। बदमाशों ने घर की लाइट स्विच ऑफ कर दी।
गेंदपाल की पत्नी मंशा देवी के जागने पर बदमाशों ने उसे गन प्वाइंट पर ले लिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने गेंदपाल सिंह और उसकी पुत्रवधू अनीता को भी तमंचे से आतंकित किया। उन्होंने मंशा देवी और अनीता से उनके जेवर मांगे तथा घर के अंदर रखे अन्य जेवर भी लाकर देने का कहा।
मंशा देवी ने अपने जेवर दे दिए और अनीता ने मोबाइल बदमाशों को दे दिया। इसके बाद एक बदमाश ने अंदर कमरे में रखे करीब दो लाख रुपये की कीमत के जेवर और 50 हजार रुपये की नकदी ले ली। गेंदपाल के द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने फायर झोंक दिया।
बदमाश शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। थाना प्रभारी सतेंद्र पाल सिंह पुलिस के साथ मौके पहुंचे और मुआयना किया।
वहीं शेरकोट में मोहल्ला कायस्थान निवासी शमशुद्दीन ने बताया कि उसने घर के काम के लिए धामपुर स्टेट बैंक से दुपहर बाद 15 हजार की नकदी खाते से निकाली थी। जब वह नकदी लेकर बैंक से बाइक पर अपने घर शेरकोट जा रहा था तो हाईवे पर मनोकामना मंदिर के पास बाइक सवार तीन युवकों ने रोक लिया।
उन्होंने उससे अफजलगढ़ को जाना वाला रास्ता पूछा। वह रास्ता बता ही रहा था कि इन बदमाशों ने उसे गन प्वाइंट पर ले लिया और उसकी बाइक को जंगल में ले गए। जहां पर बदमाशों ने उसे डरा धमका कर नकदी लूट ली। उसने काफी शोर मचाया। पर किसी ने उसकी कोई मदद नहीं की।
शमशुद्दीन का कहना है कि यदि राहगीर मदद का प्रयास करते तो बदमाश पकड़े जा सकते थे। पुलिस भी सूचना के काफी देर बाद मौके पर पहुंची।
यदि पुलिस समय से पहुंच जाती तो बदमाश गिरफ्त होते। पुलिस ने रिपोर्ट कायम कर जांच शुरू कर दी। एसओ धर्मेंद्र कुमार ने घटना का जल्द पर्दाफाश करने का दावा किया है।