नांगलसोती में गंगा खादर क्षेत्र में वन विभाग और चारागाह की भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले छह लोगों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई गई है। इससे कब्जाधारकों में हड़कंप है।
राजगढ़ वन रेंज के अंतर्गत नांगलसोती के गंगा खादर में वन विभाग व चारागाह की सैकड़ों बीघा भूमि है। इस पर क्षेत्र के भूमाफिया ने अवैध कब्जा कर गेहूं व गन्ने की फसल बो रखी है। ग्राम प्रधान मीनाक्षी गोयल सहित क्षेत्रीय ग्रामीणों व पशुपालकों ने इसकी शिकायत शासन से की थी। शासन के निर्देश पर वन विभाग प्रवर्तन दल के प्रभारी एके सिंह ने खादर क्षेत्र का निरीक्षण किया था। इसमें चारागाह व वन विभाग की भूमि पर अवैध कब्जे मिले थे। एके सिंह ने वनकर्मियों को कब्जाधारकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर फसल की नीलामी के निर्देश दिए थे।
वन विभाग के बीट इंचार्ज धर्मपाल सिंह ने नांगलसोती निवासी सत्तार, बालेश, मुरारी, भोपाल, कैलाश, महावीर के खिलाफ वन अधिनियम की धारा 26 एवं 504 आईपीसी के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। धर्मपाल सिंह की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया है कि इन्होंने भूमि पर अवैध कब्जा कर गेहूं व गन्ने की फसल की बुवाई कर रखी है। कब्जा हटाने के लिए कहने पर आरोपी मारपीट करते हैं।
वन दरोगा रमेशचंद ने बताया कि आरोपियों द्वारा जमीन पर बोई गई फसल की जल्द नीलामी कराई जाएगी। उधर, नांगल थानाध्यक्ष फतेह सिंह ने बताया कि कब्जाधारकों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जाएंगे। गौरतलब है कि गंगा खादर क्षेत्र में खाली जमीनों पर दर्जनों लोगों ने अवैध कब्जे कर रखे हैं, मगर वन विभाग की ओर से केवल छह के खिलाफ ही रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।