शेरकोट। मौहल्ला खुराड़ा में पर्दे पर रामलीला प्रसारण के दौरान अवरोध डालने पर तनाव हो गया। आरोप है गैर समुदाय के युवकों ने रामलीला कमेटी के सदस्यों से मारपीट की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रात में स्थिति पर काबू पाया।
पूर्व विधायक इंद्रदेव सिंह ने रामलीला कमेटी के सदस्यों के साथ थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच कर शुरू की।
रामलीला कमेटी के सदस्य विपिन, जगदीश और सोनू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया मुहल्ले में कई दिन से श्रीराम लीला का पर्दे पर प्रसारण चल रहा है। प्रसारण को देखने के लिए सैकड़ों दर्शक पहुंचे।
इस दौरान गैर समुदाय के कुछ युवक खड़े होकर रामलीला का प्रसारण देख रहे थे। जब रामलीला के सदस्यों ने युवकों से बैठकर रामलीला प्रसारण देखने को बोला तो उन्होंने हंगामा कर दिया। इस दौरान युवकों ने दर्शकों पर मिट्टी के डले फेंकने शुरू कर दिए। इससे रामलीला प्रसारण में अफरातफरी मच गई।
आरोप है शरारती तत्वों ने अन्य युवकों को भी मौके पर बुला लिया। दर्शकों पर डले फेंकने का विरोध करने पर शरारती तत्वों ने कमेटी के सदस्यों से गाली गलौच और मारपीट की। इससे रामलीला प्रसारण देख रहे दर्शकों में रोष फैल गया।
दर्शकों ने रामलीला प्रसारण में खलल डाल रहे युवकों को दौड़ा लिया। इससे सांप्रदायिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में पाया।
सोमवार को पूर्व विधायक इंद्र देव सिंह ने रामलीला कमेटी के सदस्यों के साथ थाने पहुंचकर एसओ से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बज्जू, रईस, इकबाल, सुहैल, नजीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। दूसरी तरफ एसओ धर्मेंद्र सिंह ने कहा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।