धामपुर। गांव पुराना धामपुर में रविवार रात छह-सात हथियारबंद बदमाशों ने किसान के घर में डाका डाला। बदमाश परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर करीब पांच हजार की नकदी सहित चार लाख के जेवर और अन्य सामान लूट कर ले गए। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कोतवाल ने तहकीकात कर शीघ्र पर्दाफाश करने का आश्वासन दिया है।
गांव के किसान हरिराज सिंह चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार रात परिवार के सभी सदस्य जब सोए थे। करीब दो बजे छह-सात बदमाशों ने उनके घर पर धावा बोल दिया।
घर में घुसते ही बदमाशों ने सो रहे सभी सदस्यों को गन प्वाइंट पर लेकर बंधक बना लिया। बदमाशों ने करीब आधा घंटे तक घर में डाका डाला। बदमाश घर में रखे पांच हजार की नकदी, 10 तौले सोना और आधा किलो चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान लूट ले गए।
बदमाश धमका रहे थे कि यदि शोर करने का प्रयास किया तो जान से मार देंगे। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित परिवार ने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। बाद में पुलिस को बताया। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
किसान हरिराज के अनुसार बदमाश करीब चार लाख का सामान लूट कर ले गए। घटना से ग्रामीणों में दहशत है। पुलिस से घटना का जल्द पर्दाफाश करने की मांग की है। कोतवाल रविंद्र प्रताप सिंह ने मौके की पहुंचकर तहकीकात कर शीघ्र पर्दाफाश करने का आश्वासन दिया है।
पुलिस की वर्दी में थे दो बदमाश
पीड़ित हरिराज सिंह और उनकी पत्नी ने बताया कि बदमाशों में दो पुलिस वर्दी में थे। तीन ने ढांढा बांध रखा था बाकी के चेहरे खुले थे। सभी के हाथों में पिस्तौल व लाठी-डंडे थे। पहचान का काफी प्रयास किया, पर पहचान नहीं हो सकी।
बदमाशों ने घर का दरवाजा खटखटाया और कहा कि वह पुलिस वाले हैं। प्रदेश में पंचायत चुनाव चल रहे हैं। सूचना है कि इस घर में तमंचे रखे हैं। उन्हें घर की तलाशी लेनी है। बकौल परिजन उनके द्वारा दरवाजा खोलते ही घर में घुस गए और डाका डाला।
कोतवाल रविंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि डकैती की घटना पूरी तरह संदिग्ध है। पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।