बिजनौर के धामपुर क्षेत्र के गांव सुुहागपुर में एक युवक ने घर में घुस कर चारपाई पर लेटी युवती के ऊपर तेजाब उडे़ल दिया। इससे युवती गंभीर रूप से झुलस गई।
प्राथमिक उपचार के बाद उसे बिजनौर रेफर किया गया। घटना के बाद आरोपी तमंचे से फायर कर धमकी देते हुए फरार हो गया। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव के राजेश ने बताया कि उसकी बहन रेनू और अन्य परिजन घर पर थे। इसी दौरान गांव का ही युवक अर्जुन घर में घुस आया। आरोप है कि उसने रेनू के ऊपर जबरन तेजाब डाल दिया। बाद में तमंचे से फायर करता हुए धमकी देकर फरार हो गया।
तेजाब उड़ेलने से युवती का 70 फीसदी चेहरा झुलस गया है।
राजेश कुमार के मुताबिक घटना के बाद परिवार दहशत में है। उसने पुलिस को बताया कि युवक के परिवार से पुरानी रंजिश चली आ रही है। आशंका है कि इसी रंजिश में यह तेजाबी हमला किया गया है। पीड़ित की ओर से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। उधर, एसएसआई राजेंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह भी पड़ताल की जा रही है कि इस हमले के पीछे अन्य कारण तो नहीं हैं।