बिजनौर में रविवार शाम बैराज पर विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एसपी की मौजूदगी में हो रही चेकिंग में बैलों से लदा कंटेनर बैराज पर बैरियर तोड़कर एक कार में टक्कर मारकर भाग निकला। पुलिस ने घेराबंदी करके कंटेनर को पकड़ लिया। उसमें सवार तस्कर भाग गए। कंटेनर से 14 बैल बरामद हुए हैं।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बैराज पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार शाम एसपी अजय साहनी चेकिंग अभियान की खुद चेकिंग करने गए थे। इस दौरान मुजफ्फरनगर की ओर से आ रहे एक कंटेनर को पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो कंटेनर बैरियर तोड़ता हुआ एक कार में टक्कर मारकर भाग निकला। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए कंटेनर को रोक लिया। उसमें सवार तस्कर कूदकर भाग गए। पुलिस ने कंटेनर से 14 बैल कब्जे में ले लिए हैं। कंटेनर को लेकर पुलिस थाने आ गई। बाद में बैलों को किसानों की सुपुर्दगी में दे दिया गया। शहर कोतवाल शैलेंद्र प्रताप गौतम के मुताबिक तस्करों का पता किया जा रहा है। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।