बिजनौर-मंडावर मार्ग पर चक्कर चौराहे के पास पलटे ट्रक में फंसे ड्राइवर को निकालती भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में रांची से लोहा लेकर पंजाब जा रहा एक ट्रक बिजनौर में अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चालक व उसका एक साथी घायल हो गया। दोनों ट्रक के मलबे में बुरी तरह फंस गए।
पुलिस ने ट्रक में फंसे घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से करीब डेढ घंटे के अभियान में निकाला। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पंजाब के जिला लुधियाना की तहसील सानेवाल के गांव माजरा निवासी हरवीर सिंह (45) पुत्र अजीत सिंह गांव सानेवाल निवासी गुरजीत सिंह (40) पुत्र जोरा सिंह तथा यूपी के जिला पीलीभीत निवासी कुलवंत सिंह (45) झारखंड के रांची से ट्रक में 15 टन लोहा लेकर पंजाब जा रहे थे।
शुक्रवार शाम करीब सवा छह बजे बिजनौर-मंडावर रोड के चक्कर चौराहे पर ब्रेक फेल होने से ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। ट्रक में पीछे भरा लोहा झटके से केबिन तोड़कर चालकों के ऊपर आ गिरा। लोहे में तीनों लोग दब गए।
करीब डेढ़ घंटे मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों व क्रेन की मदद से हरवीर सिंह और गुरजीत सिंह को जीवित निकाल लिया, लेकिन कुलवंत का पेट भिंचने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बचाव अभियान के दौरान मौजूद लोग तीनों को फंसा देख दंग रह गए। उन्होंने जमकर मदद की। इनमें देव और नूरपुर के रघुनंदन ने खासी मशक्कत की।