बिजनौर में सर्व यूपी ग्रामीण बैंक की खासपुरा शाखा के सस्पेंस अकाउंट से एक करोड़ 39 लाख रुपये निकालने के एक आरोपी ने साथियों के साथ एक किशोरी का तमंचे व चाकू के बल पर अपहरण कर लिया।
कोतवाली देहात थाने के गांव सुनपता निवासी जागेश कुमार के मुताबिक, रविवार दिन में करीब 11 बजे वह परिजनों के साथ नजीबाबाद गया था। इस बीच, गांव थंबूवाला निवासी शानू समेत चार युवक कार व दो बाइकों से उसके घर आए। जागेश के मुताबिक, वे तमंचे व चाकूओं के बल पर घर में घुसे और उसकी 17 साल की नाबालिग पुत्री को नशा सुंघाकर अपहरण करके ले गए। घर में मौजूद उसकी पत्नी संयोगिता ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया।
जागेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चीख-पुकार सुनकर गांव के लोगों ने अपहरण करने वालों का पीछा किया। शानू व शैंकी नाम के दो युवकों को उन्होंने पहचान लिया। जागेश ने कोतवाली देहात पुलिस को तहरीर देकर पुत्री को बरामद करने की मांग की है। किशोरी के अपहरण का आरोपी शानू सर्व यूपी ग्रामीण बैंक खासपुरा के सस्पेंस अकाउंट से 11 सितंबर 2015 को एक करोड़ 39 लाख रुपये निकालने में भी नामजद है।