बिजनौर में पुलिस प्रशासन ने महिला से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे जामा मस्जिद बिजनौर के इमाम अनवारूल हक पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस प्रशासन ने आरोपी पर शिकंजा कस दिया है।
मुजफ्फरनगर की एक महिला ने मौलाना अनवारूल हक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए 25 अगस्त को महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
अनवारूल के साथ सहयोग करने में उनके साथी खुर्रम को भी नामजद किया गया था। अनवारूल ने इससे पूर्व कुछ लोगों पर पत्नी व उन पर हमला करने समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
पुलिस की जांच में यह घटना फर्जी निकली थी। इसके बाद शहर कोतवाली में अनवारूल के खिलाफ प्रशासन को धमकाने व एक युवक पर हमला करने की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में अनवारूल हक के खिलाफ तमाम सबूत जुटा लिए थे। कलियर के एक होटल में महिला के साथ अनवारूल के रुकने की भी पुष्टि हुई थी। साथ ही होटल के सीसीटीवी फुटेज में भी अनवारूल महिला के साथ होटल में आते जाते दिखाई दिए थे। पुलिस ने अनवारूल की तलाश में कई जगह दबिश दी पर वे नहीं मिले।
इस मामले को लेकर कुछ लोगों ने राजनीति भी शुरू कर दी थी। अनवारूल हक के खिलाफ कोर्ट से कुर्की के आदेश भी हो गए थे। पुलिस अभी तक उनके घर की कुर्की नहीं कर पाई थी। एसपी अजय साहनी के मुताबिक अनवारूल हक पर महिला थाने की इस्पेक्टर की रिपोर्ट के आधार पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। अनवारूल हक की तलाश में पुलिस की टीम लगी हुई है।