नजीबाबाद में मानसरोवर कॉलोनी में बंद पड़े एक मकान को बदमाशों ने निशाना बनाया। मकान मालिक और किराएदार के कमरों को खंगालकर चोर लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, हजारों की नकदी और घरेलू कीमती सामान चोरी कर ले गए।
नजीबाबाद-कोटद्वार मार्ग पर मंडी समिति के निकट मानसरोवर कॉलोनी स्थित है। भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के नगर उपाध्यक्ष नाजिम मंसूरी के मकान में स्वास्थ्य विभाग के बीएमसी हाशिम अहमद और उनका परिवार किराए पर रहता है। दोमंजिले मकान के प्रथम तल पर हाशिम और द्वितीय तल पर नाजिम का परिवार रहता है। बुधवार रात चोरों ने दोनों के मकानों को पूरी तरह खंगाल डाला।
बृहस्पतिवार दोपहर हाशिम अहमद के घर पहुंचने पर चोरी का पता चला। बीएमसी हाशिम अहमद ने बताया कि वह 19 अक्तूबर को अपने घर कांधला गया था। पत्नी शबनम दो सप्ताह पहले गाजियाबाद में मायके गई थी। दोपहर ढाई बजे घर लौटने पर उसे गेट के ताले गायब मिले, भीतर घर खंगाला हुआ था।
हाशिम ने बताया कि घर पर रखे सोने-चांदी के आभूषण, 20 हजार रुपये की नगदी, एलईडी सहित कीमती सामान चोरी कर लिया। मकान मालिक नाजिम मंसूरी के भी तीन कमरे पूरी तरह चोर खंगाले गए थे। हाशिम ने बताया कि नाजिम परिवार सहित दो दिन पहले दिल्ली गए थे।
फोन से संपर्क करने पर नाजिम ने अपने रिश्तेदार भाजपा नेता कलवा शेख मंसूरी को बताया कि घर पर सोने-चांदी के काफी आभूषण, नगदी, सामान आदि सामान रखा था। चोरी की घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।