बिजनौर में थाना नहटौर क्षेत्र से सोमवार दोपहर एक बालक का फिरौती के लिए अपहरण कर लिया गया। बालक के पिता की मुंबई में बेकरी है। देर शाम बदमाशों ने उसके घर फोन किया और उसकी रिहाई के बदले तीस लाख रुपये की फिरौती मांगी। इसके बाद दहशत में आए परिवारीजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने बालक की तलाश शुरू कर दी है।
अपह्त बालक मोहम्मद साबिर (8) गांव करीमपुर निवासी इरशाद का पुत्र है। सोमवार दोपहर वह घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था। घर नहीं पहुंचने पर परिवारीजनों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। देर शाम बालक के घर बदमाशों का फोन आने के बाद खुलासा हुआ कि उसका अपहरण कर लिया गया है। इसके बाद परिवारीजनों और ग्रामीणों ने सीओ नहटौर हरिमोहन सिंह को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने अपह्त बालक की तलाश शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि बालक के पिता इरशाद की मुंबई में बेकरी है और वह वहीं रहता है। गांव में उनकी करीब 60-70 बीघा जमीन है। पत्नी पांच बच्चों के साथ गांव में रहती है। इस समय भी इरशाद मुंबई में है, उसे घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस, इरशाद के भाई और ग्रामीण अपह्त बालक की तलाश में लगे हैं।