हथियारों से लैस पांच युवक साथी के साथ घूम रहे एक युवक को दिनदहाड़े गाड़ी में अपहरण कर ले गए और तीन गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। युवक का रक्त रंजित शव जंगल में पड़ा मिला। घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों ने उसके साथी पर हत्यारों से हमसाज होने का आरोप लगाते हुए उसे जमकर पीटा।
पुलिस किसी तरह युवक को अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने ले गई। मृतक के परिजन मामला रंजिश का बता रहे हैं। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है।
गांव सहसुवाला निवासी करतार सिंह का 22 वर्षीय बेटा विक्रांत दिल्ली में नौकरी करता है। रक्षाबंधन के मौके पर सोमवार को वह घर आया था। मंगलवार को विक्रांत गांव सलेमपुर गधेली निवासी अपने दोस्त प्रियांशु के साथ किसी काम से कस्बा कोतवाली में आया था।
करीब डेढ़ बजे वापस लौटते वक्त गांव शादीपुर के पास पीछे से आई एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। विक्रांत व प्रियांशु नीचे गिर गए। कार से तमंचों से लैस पांच युवक निकले। उनको देखते ही विक्रांत और प्रियांशु भागने लगे। हमलावरों से बचने के लिए विक्रांत सड़क किनारे तालाब में कूद गया, लेकिन प्रियांशु सीधा सड़क पर भागता रहा।
हमलावर तालाब किनारे खड़े हो गए और फायरिंग करने लगे। उन्होंने विक्रांत को बाहर आने को कहा। न आने पर उसे गोली मारने की धमकी दी। विक्रांत डरता-डरता तालाब से बाहर आ गया। युवक विक्रांत को गाड़ी में डालकर ले गए। शाम करीब पांच बजे विक्रांत का रक्तरंजित शव कोतवाली रोड पर लालपुर माहेश्वरी गांव की ओर नहर के पास पड़ा मिला।
विक्रांत के सिर, पेट व छाती में गोली मारी गई थी। विक्रांत की हत्या होने का पता चलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन व पुलिस मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने प्रियांशु पर हमलावरों से हमसाज होने का आरोप लगाते हुए जमकर मारपीट की।
पुलिस किसी तरह प्रियांशु को उनसे छुड़ाकर थाने ले गई। विक्रांत के परिजनों का कहना है कि विक्रांत का कुछ दिन पहले कोतवाली शहर के गांव आदमपुर के लड़कों से विवाद हो गया था।इस मामले में आदमपुर के लड़कों ने पुलिस में कोई तहरीर नहीं दी थी। परिजनों ने संदेह जताया है कि उन लड़कों ने ही विक्रांत की हत्या की है।
विक्रांत अपने माता पिता का इकलौता बेटा था। इकलौता चिराग बुझने से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र प्रताप गौतम का कहना है कि परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। पुलिस अपने स्थर से मामले की जांच कर रही है। प्रथमदृष्टया मामला रंजिश का लग रहा है। तहरीर मिलने पर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।