फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली नहर में गिरी, तीन की मौत

Wed, 19 Jul 2017 12:31 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
नजीबाबाद में पूर्वी गंगनहर में कांवड़ियों का वाहन गिरने के बाद घटनास्थल पर जमा भीड़। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
बिजनौर के नजीबाबाद में बरेली से हरिद्वार डाक कांवड़ लेने जा रही शिवभक्तों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पूर्वी गंगनहर में गिर गई। इससे तीन कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि आठ घायल हो गए। हादसे के बाद पहुंचे क्षेत्रीय सिखों ने नहर से दो दर्जन शिवभक्तों को सकुशल बचा लिया।
विज्ञापन


दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब आठ बजे नजीबाबाद-हरिद्वार बाईपास मार्ग पर गांव गुलालवाली के निकट हुई। बरेली से हरिद्वार डाक कांवड़ लेने जा रही शिवभक्तों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक संतुलन बिगड़ने से पूर्वी गंगनहर में गिर गई।

इससे बरेली के थाना कलारा के गांव भोजीपुरा निवासी सालिगराम (60), कलारा निवासी उमेश उर्फ दयाशंकर (25) पुत्र तेजराम और प्रेमपाल पुत्र दीनदयाल (25) की मौत हो गई। प्रेमपाल दिव्यांग था। महेंद्रपाल पुत्र भानुप्रताप (34) लापता बताया गया है। उसकी तलाश की कोशिश जारी है।
विज्ञापन


हादसा एक वाहन के गलत ओवरटेक करने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगडने से हुआ। हादसे के बाद शिवभक्तों में चीख-पुकार मच गई। कुछ तैरकर तो कुछ ढांग पर चढ़कर नहर से बाहर निकल गए तो कुछ शिवभक्त पानी के साथ बहने के बाद संयोग से बच गए।

शिवभक्तों की चीख-पुकार सुनकर गुलालवाली के पूर्व प्रधान जगविंदर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने गांव में सूचना भेजकर मदद के लिए और लोगों को बुला लिया। वहां पहुंचे सिखों ने नहर में गिरे शिवभक्तों को निकाला। हादसे की सूचना पर मंडावली से 108 एंबुलेंस पहुंच गई।

घायल शिवभक्तों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समीपुर ले जाया गया। वहां डॉ. शील कुमार ने बरेली के थाना कलारा के गांव भोजीपुरा निवासी सालिगराम (60) को मृत घोषित कर दिया। काफी मशक्कत के बाद नहर से कलारा निवासी उमेश उर्फ दयाशंकर (25) पुत्र तेजराम और प्रेमपाल पुत्र दीनदयाल (25) के शव बरामद हुए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।

समीपुर स्थ्ति अस्पताल में घायल शिवभक्तों मनोज (34), प्रवीण (39), कपिल (19), देवेंद्र (40), जयदीप (13), राहुल (15), करन (20), महेंद्रपाल (21) को भर्ती कराया गया। मनोज एवं प्रवीण को प्राथमिक उपचार के बाद बिजनौर रेफर कर दिया गया।

शिवभक्तों का कहना था कि पीछे से तेजी से आए एक प्राइवेट वाहन ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को बायीं ओर से ओवरटेक किया। इससे दोनों वाहनों की साइडें टकरा गईं और ट्रैक्टर-ट्रॉली नहर में गिर गई। घटना की तहरीर गुरुगांव थाना नवाबगंज, बरेली निवासी मनोज  ने दी है।

देवदूत बनकर पहुंचे सिख
गंगनहर में गिरने के बाद छटपटा रहे शिवभक्तों के लिए गांव गुलालवाली के सिख दूवदूत बनकर पहुंचे। उन्होंने अपनी जान पर खेलकर शिवभक्तों को पूर्वी गंगनहर में डूबने से बचा लिया। प्रशासन ने इन सिखों को सम्मानित करने की घोषणा की है।

गुलालवाली के पूर्व प्रधान जगविंदर सिंह सोमवार सुबह यमुनानगर के लिए निकले थे। पूर्वी गंगनहर बाईपास मार्ग पर कांवड़ियों की चीख-पुकार सुनकर वे घटनास्थल पर पहुंचे तो शिवभक्तों के वाहन को नहर में गिरा देखा। बिना किसी का इंतजार किए उन्होंने अकेले ही शिवभक्तों की मदद शुरू कर दी।

संकट में फंसे शिवभक्तों की तादाद ज्यादा थी। ऐसे में उन्होंने गांव में घटना की खबर भेजकर तत्काल मौके पर पहुंचने को कहा। चंद मिनटों में ही घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित गांव गुलालवाली से सिंदर सिंह, कुलविंदर सिंह, सरबजीत सिंह, अमृतपाल सिंह, सुखजिंदर सिंह, लखविंदर सिंह सहित कई सिख घटनास्थल पर पहुंच गए।

सिखों ने नहर में रस्सियां डालकर शिवभक्तों को बचाया। साथ ही उनके लिए दूध, भोजन-पानी की व्यवस्था भी की। घटनास्थल पर पहुंचे एडीएम सुरेंद्र राम ने इन सिखों को प्रशासन की ओर से सम्मानित करने की घोषणा की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें