कोतवाली देहात (बिजनौर)। देहरादून पुलिस ने दो अटैची चोरों की निशानदेही पर कोतवाली नजीबाबाद हाइवे के एक ढाबे के पीछे से कूडे़ के ढेर से देहरादून के व्यापारी के चोरी किए गए सोने के जेवर और नकदी बरामद कर ले गई।
उत्तराखंड के देहरादून क्षेत्र के एक व्यापारी कुछ दिन पूर्व मुरादाबाद से अटैची में सोने के जेवरात और नकदी लेकर हरिद्वार डिपो की बस से देहरादून गए थे। रास्ते में उनकी अटैची से जेवर और नकदी चोरी हो गए थे।
चोर हाईवे 74 पर कोतवाली देहात क्षेत्र के पास स्थित एक ढाबे पर बस रुकने के बाद ढाबे के पीछे पड़े कूड़े के ढेर में सोने के जेवरात और नगदी छिपा गए। पुलिस ने पीड़ित की निशान देही पर अटैची चोर गिरोह के एक साथी को पकड़ लिया, उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने उत्तराखंड से उसके दूसरे साथी को पकड़ लिया।
पूछताछ के बाद मिली जानकारी के आधार पर देहरादून पुलिस बृहस्पतिवार को इन चोरों को लेकर दोपहर में हाईवे 74 कोतवाली के पास ढाबे पर लाकर उसकी निशान देही पर ढाबे के पीछे पड़े कुछ कूड़े के ढेर से नगदी और सोने के जेवरात बरामद कर चोरों को लेकर वापस चली गई।
बरामद थैले में सोने के जेवरात और भारी मात्रा मे नगदी बतायी जा रही है। थानाध्यक्ष कोतवाली देहात संजय तोमर का कहना है कि उत्तराखंड पुलिस ने थाने में कोई आमद दर्ज नहीं कराई ना ही कोई सूचना दी थी। स्थानीय पुलिस ने इस संबंध में किसी भी जानकारी से इंकार किया है।