अफजलगढ़ में पुलिस-प्रशासन के संरक्षण में खनन माफिया के हौसले बुलंद हैं। इससे किसानों में आक्रोश पनप रहा है। सोमवार की रात गांव बादीगढ़ में किसान और खनन माफिया आमने-सामने आ गए। किसानों ने खनन के लिए जा रही खनन माफिया की ट्रैक्टर ट्राली को रोक दिया। इसी बात को लेकर खनन माफिया व किसानों में भिड़ंत हो गई।
किसानों का आरोप है कि पुलिस संरक्षण में खनन का धंधा जोरों पर चल रहा है। खनन माफिया आशु व सुभाष ठेका लेकर प्लाटों व खेतों में मिट्टी का भराव कर रहे हैं। कोई किसान एक बैलगाड़ी मिट्टी भी खेत से घर के लिए भर लाता है, तो उसे कानून का पाठ पढ़ाया जाता है। इससे किसानों ने पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर रोष है। किसानों ने सोमवार की रात्रि में ही डीएम को सूचना देकर पुलिस संरक्षण में खनन होने का आरोप लगाया। इस पर डीएम के निर्देश पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही माफिया ट्रैक्टर-ट्राली व जेसीबी लेकर मौके से फरार हो गए।