नगीना में मोहल्ला शाह जहीर में शुक्रवार को लगने वाले बाजार में अपनी मां और बहन के साथ आई लड़की से दूसरे समुदाय के युवक ने छेड़छाड़ की। लड़की ने विरोध किया तो युवक ने सरेबाजार उसकी पिटाई कर दी।
इसके विरोध में भाजपाइयों के नेतृत्व में नगरवासियों ने थाने में जमकर हंगामा किया। पुलिस ने आरोपी के घर दबिश दी, लेकिन उसका पूरा परिवार गायब मिला। खबर लिखे जाने तक युवती की मां की ओर से रिपोर्ट लिखी जा रही थी।
नगर के एक मोहल्ले की युवती अपनी मां और बहन के साथ चप्पल खरीदने के लिए शाम करीब 7:30 बजे मोहल्ला शाह जहीर में लगने वाले शुक्रवार के बाजार में गई थी। यहां दूसरे समुदाय के रहमत रहमान ने उसके साथ छेड़छाड़ की। लड़की ने विरोध किया तो दुस्साहसी रहमत रहमान ने उस पर हाथ छोड़ दिया। सरेबाजार उसने लड़की से मारपीट की। जब तक लोग आते, वह भाग निकला। इस पर बाजार में हंगामा हो गया और घटना के विरोध में लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद लोग थाने पहुंचे। यहां भाजपा के विधानसभा क्षेत्र प्रभारी अरविंद गहलौत और जिला उपाध्यक्ष अजीत अग्रवाल भी पहुंच गए।
लोगों ने कोतवाली में हंगामा शुरू किया तो पुलिस ने एक टीम आरोपी के घर पर भेजी। इस टीम को वहां कोई नहीं मिला। इसके बाद युवती की मां की तहरीर पर पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की। खबर लिखे जाने तक युवती की मां और बड़ी संख्या में लोग थाने में मौजूद थे।