चांदपुर में गांव सैंदवार में रविवार को दोपहर जमीन विवाद में रिश्तों का खून हो गया। भाई ने भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगने से उसका एक भाई और दो बटाईदार भी घायल हो गए। घायल में से एक को सीएचसी स्याऊ से बिजनौर रेफर कर दिया गया है। हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
गांव सैंदवार निवासी स्वर्गीय जयपाल सिंह के तीन पुत्र नरेंद्र , दुष्यंत व पुष्पेंद्र हैं। जमीन को लेकर तीनों भाइयों में काफी समय से विवाद चला आ रहा है। उनका सबसे बड़ा बेटा नरेंद्र गांव में रहता है। दुष्यंत अपने परिवार के साथ धामपुर में रहता है। सबसे छोटा भाई पुष्पेंद्र ऋषिकेश में रहता है। पुष्पेंद्र ने बताया कि जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। भाई दुष्यंत व पुष्पेंद्र ने अपने हिस्से की करीब 28 बीघा जमीन गांव के ही दो तयेरे भाई लोकेंद्र और चंद्रशेखर को बटाई पर दे रखी थी। रविवार को गेहूं की फसल की गहाई के लिए दोनों भाई पुष्पेंद्र व दुष्यंत गांव आए हुए थे। पुष्पेंद्र ने बताया कि दोपहर करीब ढाई बजे स्कूटी से दुष्यंत व लोकेंद्र खेत पर गहाई करने जा रहे थे। पुष्पेंद्र व चंद्रशेखर भी छोटा हाथी व ट्रैक्टर से खेत पर जाने की तैयारी में थे। घर से थोड़ी दूर गांव की मुख्य सड़क पर दुष्यंत को बड़े भाई नरेंद्र ने रोककर तमंचे से उस पर गोली चला दी पुष्पेंद्र व लोकेंद्र से भी मारपीट की। गोली दुष्यंत के पीठ से लगकर सीने में पार हो गई। स्कूटी पर पीछे बैठे लोकेंद्र के हाथ में भी गोली लगी। गोली लगने से दुष्यंत की मौके पर ही मौत हो गई। घायल लोकेंद्र को सीएचसी स्याऊ से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बिजनौर रेफर कर दिया है। इस घटना के संबंध में कोतवाली निरीक्षक फतेह सिंह ने बताया कि मृतक के भाई नरेंद्र व दो अन्य के खिलाफ तहरीर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया गया है।