बिजनौर के शिवाला कलां थाना क्षेत्र के एक गांव में चाची के साथ घास लेने गई युवती के साथ ही गांव के ही पांच युवकों ने खेत में खींचकर सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान युवती की वीडियो क्लिप भी बनाई गई। पुलिस ने चार युवकों को नामजद करते हुए पांच के विरुद्ध गैंगरेप की रिपोर्ट की है।
शिवाला कलां थाने के एक गांव निवासी युवती बुधवार की शाम अपनी चाची के साथ घास काटने जंगल गई थी। घास काटने के दौरान वह और उसकी चाची कुछ दूर हो गईं। इस दौरान गांव के ही पांच युवक वहां पहुंच गए। आरोप है कि पांचों ने युवती के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इस दौरान युवकों ने मोबाइल से युवती की वीडियो क्लिप भी बनाई।
घटना को अंजाम देने के बाद युवक किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। युवकों के जाने के बाद वह किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। परिजन रात में युवती को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर दोषियों के विरुद्घ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने युवती की तहरीर पर गांव के ही मोहित, नवीन, सुदीप, छुट्टन व एक अज्ञात के विरुद्घ गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज कर युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। थानाध्यक्ष विजेंद्र सिंह राणा ने बताया कि गांव में ऐसी घटना होने की जानकारी मिली है। इसकी छानबीन कराई जा रही है। युवती के मेडिकल आैर जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, पुलिस घटना काे कुछ हद तक संदिग्ध मानकर भी चल रही है।