नहटौर(बिजनौर)। छह-सात बदमाशों ने पूर्व डिप्टी सीएमओ के घर में घुसकर परिजनों को गन प्वाइंट पर बंधकर बनाकर घर से जेवरात व नकदी सहित करीब दस लाख का माल लूट लिए। जाते समय शोर मचाने पर मारने की धमकी देते हुए पूर्व डिप्टी सीएमओ की गाड़ी लेकर फरार हो गए।
बदमाशों के गैंग में एक महिला सदस्य भी थीं। बदमाश मरीज बनकर घर में घुुसे थे। एसपी सुभाष बघेल ने मौके का मुआयना करके डकैती का खुलासा करने के लिए पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम को भी लगाया है।
मोहल्ला जोशीयान में पूर्व डिप्टी सीएमओ बिजनौर राधेश भटनागर अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनकी पत्नी पूर्व महिला चिकित्सक आशा भटनागर ने घर में ही अस्पताल खोल रखा है। वह घर की ऊपरी मंजिल में रहते हैं। चिकित्सक के मुताबिक बृहस्पतिवार शाम को एक महिला एक युवक के साथ घर में बने अस्पताल में दवा लेने आई थी।
उसी रात करीब 11 बजे वह महिला फिर्र आई और तबीयत खराब होने की बात बताई। कंपाउंडर ईशान से गेट खुलवाकर अंदर आ गई। ईशान ने कॉल करके चिकित्सक आशा भटनागर को नीचे बुला लिया। चिकित्सक के आते ही एक नकाबपोश सहित आधा दर्जन बदमाश क्लीनिक में घुस गए।
आशा भटनागर को गन प्वांइट पर लेकर पहले बदमाशों ने उनके जेवर उतरवाए और कंपाउंडर को कुर्सी से बांधकर चिकित्सक को ऊपरी मंजिल पर ले गए। पूर्व डिप्टी सीएमओ की दोनों बेटियां भी घर पर ही थीं। बदमाशों ने पूरे परिवार को एक कमरे में बंद कर दिया।
परिजनों के मुताबिक चिकित्सक की दो बेटियों के करीब चार लाख के जेवरात, डेढ़ लाख नकदी समेत करीब 10 लाख का माल लूट कर ले गए। बदमाश जाते समय शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए डॉक्टर की आई 20 गाड़ी की चाबी लेकर नीचे आ गए और गाड़ी में बैठकर फरार हो गए। उनके जाने के बाद पूर्व डिप्टी सीएमओ ने100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिग की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। एसपी सुभाष बघेल ने मौके का मुआयना करते हुए क्राइम ब्रांच के साथ छह अन्य टीमों को डकैती के खुलासे के लिए लगाया है। पुलिस की स्क्वायड टीम ने मौके पर पहुंचकर फिंगर प्रिंट लिए हैं।
जल्द होगा खुलासा : एसपी
नहटौर, एसपी सुभाष बघेल का कहना हैं कि वारदात के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस की टीम लगा दी गई है। जल्द ही घटना का खुलासा होगा।
कार्रवाई करने पर धेवते के अपहरण की धमकी
बदमाश जाते समय पुलिस कार्रवाई करने पर चिकित्सक के धेवते का अपहरण करने की धमकी देते हुए फरार हो गए।