हत्यारोपी के बारे में जानकारी देते एसपी संजीव त्यागी।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर की नूरपुर पुलिस ने महंत की हत्या का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। महंत की हत्या झाड़फूंक करने और दान में आए रुपये न देने के कारण की गई थी। हत्या में शामिल फरार आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है।
एसपी संजीव त्यागी के मुताबिक 19 जून को नूरपुर थाने के गांव खटाई में बने पीतांबर मंदिर के महंत सतपाल महाराज की हत्या कर दी गई थी। एसपी ने इस मामले में पुलिस को कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए थे। पुलिस ने रेंडम चेकिंग के दौरान हत्या में शामिल नूरपुर थाने के गांव कुंडा निवासी तेजपाल को दबोच लिया। पुलिस को तेजपाल के पास हत्या में प्रयुक्त तमंचा, दो कारतूस, एक खोखा, महंत की जेब से निकाले गए 2500 रुपये बरामद हुए। एसपी के मुताबिक तेजपाल ने बताया कि गांव खटाई में पीतांबर महाराज का आश्रम बना है। सतपाल महाराज वहां कुछ समय से आकर रहने लगे थे। वह महिला और पुरुषों का झाड़ फूंक से इलाज करने लगे थे। तेजपाल और उसका साथी नूरपुर के गांव विजयनंगला निवासी मोनू 15 जून को आश्रम गए और महंत से झाड़फूंक बंद करने को कहा।
दोनों ने कहा कि यह काम करने से बदनामी होती है। महिलाओं को वहां बुलाना बंद कर दें। महंत ने दोनों को भला बुरा कहा। वहां मौजूद लोगों के सामने बेइज्जत किया। उन्होंने महंत को जान से मारने की धमकी दी। 18/19 जून की रात दोनों आश्रम पहुंचे तो महंत तख्त पर सोए थे। थोड़ी दूरी पर दो अन्य लोग सो रहे थे। वह दोनों नशे में लग रहे थे। इस दौरान उन्होंने महंत के सीने में दो गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और उनके सिर के नीचे थैले से पांच हजार रुपये निकाल लिए। रुपये दोनों ने आधे आधे बांट लिए। एसपी ने बताया कि तेजपाल और मोनू महंत के आश्रम में न रहने से पहले दान के रुपये भी ले लेते थे। महंत के आने से उनके यह रुपये मिलने भी बंद हो गए थे। इसलिए उन्होंने महंत को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया था। पुलिस फरार मोनू की तलाश में जुटी है।
अपने को बेकसूर बताया आरोपी ने
हत्या के खुलासे के लिए बुलाई गई पत्रकार वार्ता के दौरान एसपी संजीव त्यागी आरोपी तेजपाल को अलग कक्ष में ले गए और उससे काफी देर तक बात की। तेजपाल रोता रहा। उसकी आंखों से आंसू नहीं रुके। तेजपाल ने बताया कि वह बेकसूर है। उसने महंत की हत्या नहीं की है, न ही महंत की हत्या में उसे कुछ मालूम है।