बिजनौर में बाइक सवार युवकों ने मोहल्ला नई बस्ती में विधायक सुचि चौधरी के घर के पास से एक बालक को अगवा करने की कोशिश की। बालक युवकों को चकमा देकर अपने घर भाग गया। घटना को लेकर काफी देर तक हंगामा रहा।
मोहल्ला नई बस्ती निवासी प्रदीप सैनी का 10 वर्षीय पुत्र हार्दिक सेंट मैरी स्कूल में कक्षा पांच का छात्र है। शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे हार्दिक पास की दुकान से टॉफी व कुरकुरे लेने गया था। विधायक सुचि चौधरी के घर के पास गली में सिल्वर बुलेट लिए खड़े तीन युवकों ने हार्दिक पर काले रंग का कपड़ा डालकर अगवा करने की कोशिश की। हार्दिक युवकों को चकमा देकर चंगुल से छूटकर भाग निकला।
हार्दिक ने घर पहुंचकर सारी बात बताई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। घटना से मोहल्ले में हंगामा मच गया। लोगों की वहां भीड़ जमा हो गई। परिजन हार्दिक को लेकर थाने गए। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। शहर कोतवाल शैलेंद्र प्रताप गौतम के मुताबिक, घटना की जांच की जा रही है।