शेरकोट में पुलिस ने निशा हत्याकांड का खुलासा करते हुए प्रेमी और उसके बाप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। नामजद आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे निशा की हत्या कर उसके ही परिजनों को फंसाना चाहते थे। इसलिए निशा की हत्या कर उसके शवके दो हिस्सों में बांटकर लाश को अलग अलग जगह ठिकाने लगाया था। जिसके चलते हत्या से जुड़ा कोई भी साक्ष्य आरोपियों के पास न मिल पाए। पुलिस ने आरोपियों पर साक्ष्य नष्ट करने की गंभीर धाराएं भी लगाई है।
26 जनवरी को कंदला शाहकोट के तालाब से एक युवती का धड़ मिला था। जबकि 29 जनवरी को नगीना थाने के गांव हुरनंगला एक युवती का ही धड़ से अलग सिर मिला था। घटना का पता लगने पर गांव परमावाला निवासी इंद्राम ने युवती की शिनाख्त अपनी बेटी निशा के रूप में की। इंद्राम ने पुलिस में आरोप लगाया कि उसकी बेटी ने करीब छह माह पहले गांव कंदला शाहकोट निवासी लवप्रीत पुत्र रणजीत से आर्य समाज में विवाह कर लिया था। तभी से वह उसके साथ रह रही थी। लेकिन इस शादी से लवप्रीत का बाप रणजीत नाखुश था। वह अपने बेटे की शादी कहीं और करना चाहता था। इस बात का पता निशा को लग गया। वह पिता पुत्र के आड़े आ गई। निशा के विरोध करने पर आरोपियों ने उसे रास्ते से हटाने का षडयंत्र रचा। उसने अपने पुत्र को विश्वास में लेकर निशा की हत्या कर दी। युवती के परिजनों को फंसाने के लिए पिता पुत्र ने निशा की लाश को धारदार हथियारों से दो हिस्सों में बांटकर ठिकाने लगा दिया। आरोपियों ने हत्या के बाद निशा के धड़ को गांव कंदला शाहकोट के तालाब में फेंक दिया। जबकि उसके सिर को गांव हुरनगंला में फेंक आए। लाश की शिनाख्त होने पर आरोपी पिता पुत्र ने निशा के परिजनों पर यह भी आरोप लगाया कि शादी के लेकर दोनों पक्षों का फैसला हो चुका था। पंचायत के लिखित फैसले के बाद निशा अपने घर चली गई थी। लेकिन युवती के परिजनों ने मामले का राजफास करते हुए बताया कि दोनों पक्षों में कोई फैसला नहीं हुआ था। निशा अपनी मर्जी से अपने प्रेमी के साथ उसके घर पर ही रह रही थी। पुलिस ने इस मामले में निशा के परिजनों की तहरीर पर प्रेमी लवप्रीत, पिता रणजीत, मां, भाई, बहन व जीजा के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए हत्या के आरोप में पिता पुत्र को दबोच लिया। आरोपियों पर हत्या के साक्ष्य नष्ट करने की धाराएं भी लगाई गई हैं। पुलिस को आरोपियों के पास से हत्या जुड़ा कोई भी साक्ष्य नहीं मिल पाया है। उधर एसओ पंकज तोमर का कहना है कि मामले में नामजद आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। हत्या के मुख्य आरोपियों का चालान कर दिया गया है। पुलिस जांच कर रही है।
मंडावली में संदिग्ध परिस्थिति में एक युवती मौत हो गई। युवती के पिता ने दो युवकों ने खिलाफ पुत्री को जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है। मंडावली क्षेत्र के एक गांव में युवती अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजनों ने युवती को बिजनौर अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया। युवती के पिता ने गांव कांठपुर निवासी अर्जुन और जितेंद्र उर्फ मोनू पर युवती को जहर देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी। पुलिस ने मामले का गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज कर अर्जुन को हिरासत में ले लिया। जबकि दूसरा युवक घर से फरार है। मृतक युवती के पिता का आरोप है कि दोनों युवक उसकी पुत्री के साथ आए दिन छेड़छाड़ करते थे। विरोध करने पर युवकों ने उसकी पुत्री को जहर दे दिया। उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पुलिस कार्रवाई आगे बढ़ाने की बात कही है।
फैजान हत्या का खुलासा न होने पर आक्रोश
शेरकोट में फैजान हत्याकांड का खुलासा न होने से जनआक्रोश बढ़ता जा रहा है। मामले को लेकर मुहल्ला इमामबाड़ा में काजी शमीम के आवास पर विशाल बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पांच दिन बाद भी फैजान के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आक्रोश जताया। लापता होने के अगले दिन आठ वर्षीय फैजान का शव मिला। घटना से नगर के बच्चों और अभिभावकों में दहशत का माहौल है। बैठक में नागरिकों ने हत्या प्रकरण में पुलिस की कार्यशैली की निंदा की। काजी शमीम ने कहा कि पुलिस घटना के पांच दिन बाद भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। क्षेत्रीय लोगों ने कहा कि समाधान न होने पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, मामले को उच्च अधिकारियों के सामने रखा जाएगा। बैठक में काजी शमीम, सभासद बरकत अब्बासी, अफजाल अहमद, आजाद खान, अब्दुल वाहिद, बाबू भाई, अलीम अहमद, सलीम अहमद, इकराम अहमद, ललित वीर, वसीम अहमद, जमालुद्दीन, मोहम्मद साजिद रहे। उधर, एसओ पंकज तोमर का कहना है कि पुलिस सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर आरोपी को जेल भेजा जाएगा।